
बरेली। शहर के विस्तारीकरण एवं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाले प्रोजेक्टों को धरातल पर उतारने के साथ अब बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने युवाओं के सपनों को पंख लगाने वाले स्पेस म्यूजियम के विकास की योजना बनाई है। इसके लिए 20 दिसंबर तक विशेषज्ञ एजेंसियों से आवेदन मांगा गया है। बीडीए उपाध्यक्ष डा. मनिकंडन ए. के अनुसार रामगंगा नगर आवासीय योजना में अंतरिक्ष संग्रहालय (स्पेस म्यूजियम) विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओंं-छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं तार्किक सोच का विकास, अंतरिक्ष विज्ञान और खगोल विज्ञान का सरल प्रचार-प्रसार करना है।
परियोजना के विकास के लिए विशेषज्ञ एजेंसियों से आवेदन मांगा (ईओआइ) गया है। जिसमें वह परियोजना के विकास को लेकर अपने-अपने प्रजेंटेशन 20 दिसंबर तक बीडीए कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे। बताया कि परियोजना के विकास होने से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष अभियानों की जानकारी मिलने के साथ विज्ञान को मनोरंजन के साथ जोड़ा जा सकेगा।
ब्लैक हाेल, सूर्य, चंद्रमा और सौरमंडल समेत अन्य जानकारी भी होगी समृद्ध
बीडीए अधिकारियों के अनुसार अंतरिक्ष संग्रहालय में में कई अनुभाग होंगे। इसमें ब्रह्मांड की उत्पत्ति, आकाशगंगा, तारे, निहारिकाएं, ब्लैक होल, डार्क मेटर, डार्क एनर्जी, सूर्य, चंद्रमा और सौरमंडल का विस्तृत विवरण होगा। साथ ही राकेट एवं उपग्रह गैलरी में- प्रक्षेपण यान के माडल, संचार, मौसम, नेविगेशन और रक्षा उपग्रह, भारत और विश्व के प्रमुख राकेट कार्यक्रम होंगे।






















