
नईदिल्ली, १३ अगस्त ।
आयरिश राष्ट्रपति माइकल डी. हिगिंस ने आयरलैंड में प्रवासी भारतीयों पर बढ़ते हमलों की निंदा की है। मंगलवार को जारी एक बयान में, आयरिश नेता ने आयरलैंड में भारतीय समुदाय के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। बयान में कहा गया है, हम सभी इस समुदाय की ओर से आयरिश जीवन के अनेक पहलुओं, चिकित्सा, नर्सिंग, देखभाल व्यवसायों, सांस्कृतिक जीवन, व्यापार और उद्यम आदि में दिए गए अपार योगदान को याद करते हैं और आगे भी देते रहेंगे। उनकी उपस्थिति, उनका कार्य, उनकी संस्कृति, हमारे साझा जीवन के लिए समृद्धि और उदारता का स्रोत रही है। हिगिंस ने कहा, भारतीय समुदाय के सदस्यों पर हाल ही में हुए घृणित हमले उन मूल्यों के बिल्कुल विपरीत हैं जिन्हें हम लोग प्रिय मानते हैं। उन्होंने कहा, आयरलैंड में किसी भी व्यक्ति, खासकर किसी भी युवा को छल-कपट या उकसावे के जरिए इस तरह के व्यवहार में घसीटा जाना, स्पष्ट रूप से निंदा योग्य है। उन्होंने आगे कहा, चाहे ऐसा उकसावा अज्ञानता से उपजा हो या दुर्भावना से, इससे होने वाले नुकसान को स्वीकार करना जरूरी है। इस तरह के कृत्य हम सभी को कमजोर करते हैं और भारत के लोगों की ओर से इस देश के जीवन में लाए गए अपार लाभों को धुंधला कर देते हैं। राष्ट्रपति हिगिंस का यह बयान आयरलैंड में भारतीयों को निशाना बनाकर किए गए हमलों की एक श्रृंखला के सुर्खियों में आने के बाद आया है। ताजा हमला एक छह साल की भारतीय बच्ची पर हुआ, जिस पर बच्चों के एक समूह ने हमला किया और उसके गुप्तांगों पर वार किया।



















