
प्रयागराज। होली पर घर आने के बाद वापस काम पर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पांच और ट्रेनों की समय सारिणी जारी कर दी है। इसमें दक्षिण भारत और गुजरात से बिहार जाने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें हैं जो प्रयागराज छिवकी और प्रयागराज जंक्शन होकर गुजरेंगी। उत्तर मध्य रेलवे ने गुरुवार को इन ट्रेनों की समय सारिणी जारी कर दी जो ‘होली स्पेशल’ के रूप में चलेंगी। ये ट्रेनें फरवरी और मार्च के महीने की राह आसान करेंगी। इनमें अभी सीटें खाली हैं, बुकिंग शुरू हो चुकी, ऐसे में यात्रियों को आरक्षित सीटें भी मिल जाएंगी। इसमें यशवंतपुर से धनबाद जाने वाली स्पेशल ट्रेन प्रयागराज छिवकी रुकेगी, जो शनिवार को यशवंतपुर से और सोमवार को धनबाद से चलेगी। इसी तरह इंदौर के पास डॉ. अंबेडकर नगर से पटना जाने वाली स्पेशल ट्रेन भी प्रयागराज छिवकी रुकते हुए जाएगी, जिसका संचालन गुरुवार और शुक्रवार को तय किया गया है। गुजरात के वलसाड से बिहार के दानापुर जाने वाली ट्रेन भी प्रयागराज छिवकी के यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी।





























