राजस्थान में होली की खुशियां मातम में बदलीं, तीन अलग-अलग सड़क हादसों में 7 की मौत, 20 से अधिक घायल

नई दिल्ली। राजस्थान में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। डूंगरपुर, बांसवाड़ा और दौसा जिले में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। होली के दिन हुए हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है। डूंगरपुर जिले के चितरी थाना क्षेत्र में जसेला-कसारिया मार्ग पर एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में विक्रम डेंडोर, विनोद डेंडोर और विष्णु कुमार की मौत हो गई। तीनों पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। 108 एंबुलेंस से सागवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम

वहीं, बांसवाड़ा स्टेट हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की है।

तेज रफ्तार की वजह से पलटा लोडिंग टेंपो

इधर, दौसा-मनोहरपुर एनएच-148 पर रतनपुरा हरिपुरा के पास यात्रियों से भरा लोडिंग टेंपो तेज रफ्तार के कारण पलट गया। हादसे में 15 से 20 यात्री घायल हुए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार निम्स अस्पताल में जारी है। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने को हादसों का प्रमुख कारण बताया है।

RO No. 13467/11