
गेवरा दीपका। प्रगतिनगर स्थित राम जानकी मंदिर में प्रगतिनगर मानस मंडली द्वारा होली मिलन समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंडली की सभी महिला सदस्यों ने बढ़-चढक़र भाग लिया और होली पर्व का आनंद लिया।
इस अवसर पर मानस मंडली की सदस्य अपने-अपने घरों से स्वादिष्ट पकवान बनाकर लाई थीं, जिसका सभी उपस्थित जनों ने भरपूर आनंद लिया। भजन संध्या और फाग गीतों की मधुर धुन पर मंडली की सदस्य झूम उठीं और नृत्य करते हुए होली की मस्ती में सराबोर नजर आईं। मंडली की पदाधिकारी श्रीमती सरस उपाध्याय ने बताया कि प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी होली महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रगतिनगर कॉलोनी के अलावा अन्य कॉलोनियों की महिला सदस्य भी शामिल हुईं। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल और अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और पर्व को उल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली पर्व की बधाई दी और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया।


















