
नईदिल्ली [एजेंसी]। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आलोचनाओं पर जवाब दिया और स्पष्ट किया है कि जगदीप धनखड़ संवैधानिक पद पर थे और उन्होंने अच्छा काम भी किया। उन्होंने कहा कि जहां तक इस्तीफे का सवाल है तो उन्होंने निजी स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दिया है। गृह मंत्री ने यह बात एक इंटरव्यू में कही है, जिसमें उन्होंने कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की। गृह मंत्री ने कहा, धनखड़ जी संवैधानिक पद पर बैठे थे और अपने कार्यकाल में उन्होंने संविधान के अनुसार अच्छा काम किया। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दिया है। इसे ज्यादा खींचकर किसी और दिशा में देखने की जरूरत नहीं है। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस सिलसिले में उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को चि_ी लिखी और कहा था कि वह स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दे रहे हैं। उनके अचानक इस्तीफे को लेकर राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा लगातार बनी हुई है कि आखिर उन्होंने अपने पद से अचानक इस्तीफा क्यों दिया। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर यह भी सवाल उठ रहे हैं कि इस्तीफे के बाद जगदीप धनखड़ कहां हैं। अमित शाह ने धनखड़ पर बात करने के अलावा कांग्रेस और विपक्ष पर भी तीखे हमले किए हैं।
































