दर्रीपारा में ढहाया मकान अनेक स्थानों पर रौंदी फसल

कोरबा। लोनर हाथी के आतंक तथा उसके द्वारा लगातार मचाए जा रहे उत्पात से जिले के पसान सर्किल थर्रा गया है। बताया जाता है कि पड़ोसी जीपीएम जिले से पसान रेंज में लोनर ने जब से प्रवेश किया है, हर रोज उत्पात मचाकर या तो ग्रामीणों के फसल को तहस-नहस कर दे रहा है या आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचकर मकानों को ध्वस्त कर दे रहा है। यह सिलसिला लगातार चल रहा है।
रात में उत्पात मचाने के बाद लोनर हाथी वापस तराईनार लौट जाता है तथा वहां पर स्थित बांस बाड़ी में आने के बाद दिन भर विश्राम करता है, फिर शाम होते ही वह सक्रिय हो जाता है। लोनर हाथी के उत्पात से क्षेत्रवासी काफी परेशान हैं। वन विभाग द्वारा लगातार इस लोनर हाथी के उत्पात को रोकने प्रयास किया जा रहा है लेकिन वह वन कर्मियों को चकमा देकर या तो बस्ती में पहुंच जा रहा है या खेतों में। बीती रात इस लोनर हाथी ने फिर क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया, इस दौरान दर्रीपारा में घुसकर शंकर सिंह नामक एक ग्रामीण के मकान को निशाना बनाते हुए ढहा दिया तथा घर में रखे घरेलू सामान कूलर, पंखा को नष्ट कर दिया। वहीं घर में पाले गए मुर्गियों की भी मलबे में दबकर मौत हो गई। इतना ही नहीं ग्रामीण के घर में रखे चावल को भी चट कर दिया। बताया जाता है कि लोनर हाथी ने यह उत्पात लौटते वक्त सुबह 4 बजे के लगभग मचाया। इससे पहले पालनपुर, तराईनार व गोलाबहरा में खेतों में पहुंचकर फसलों को तहस-नहस कर दिया है। पीडि़त ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचकर नुकसानी का आंकलन शुरू कर दिए हैं।

RO No. 13467/11