
श्रीनगर। जोश कैसा है… हाई है साहब। यह कोई डायलॉग नहीं है.. यह उस शौर्य, वीरता और उत्साह की भावना का प्रतीक है, जो भारतीय शूरवीरों को दुश्मन को मार गिराने की तत्परता को दर्शाता है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को उड़ी में जवानों से बातचीत में जब पूछा कि जोश कैसा है तो इसका जवाब सुनकर उनका विश्वास और मजबूत हो गया कि देश सुरक्षित हाथों में हैं। मनोज सिन्हा ने जवानों से कहा कि अगर कोई बार-बार हमारी शांति भंग करने की कोशिश करेगा तो उसे ऐसा सबक सिखाया जाएगा कि उसकी अगली 10 पीढिय़ां इसे याद रखेंगी। उपराज्यपाल उड़ी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी से प्रभावित स्थानीय लोगों के लिए प्रबंधों का जायजा लेने पहुंचे थे। उन्होंने लोगों से उनकी समस्याओं को जाना और समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।राज्यपाल सिन्हा ने सेना के जवानों व अधिकारियों से भी मुलाकात की। दुश्मन के मंसूबों को नाकाम बनाने के लिए भारतीय सेना की कार्रवाई को उन्होंने सराहा। उन्होंने उड़ी में एलओसी पर एक चौकी में जवानों व अधिकारियों से मुलाकात की।मेरा दुश्मनों को संदेश स्पष्ट है कि अगर आप किसी भारतीय नागरिक को चोट पहुंचाते हैं तो हम आपको मार गिराएंगे। पहलगाम में हमारे नागरिकों के क्रूर नरसंहार के बाद मुख्य उद्देश्य आतंकी ठिकानों को नष्ट करना था। ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान के अंदर आतंकी कारखानों को नष्ट करके पहलगाम आतंकी हमले का बदला लिया, लेकिन दुश्मन हमारे सैन्य प्रतिष्ठान और हमारे नागरिकों को निशाना बना रहा है। हम उन्हें मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
—————-