सरकाघाट (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में वीरवार सुबह बड़ा बस हादसा हुआ है। सरकाघाट उपमंडल के मसेरन क्षेत्र में वीरवार सुबह हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक किशोर सहित 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में तीन महिलाएं व एक किशोर और एक पुरुष बताया जा रहा है। मंडी के सरकाघाट में खाई में गिरी एचआरटीसी बस और मौके पर पहुंची पुलिस व अन्य लोग।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस मसेरन से सरकाघाट की ओर आ रही थी और जैसे ही वह एक तीखे मोड़ पर पहुंची, चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। बस सीधी नीचे खाई में लुढक़ गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। कुछ ही देर में प्रशासन और पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। एंबुलेंस सेवाएं भी तुरंत सक्रिय हो गईं, जिनमें 108 सेवा की कई गाडिय़ां शामिल थीं।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल सरकाघाट लाया गया है। हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सरकाघाट के मसेरन में दुर्घटनाग्रस्त बस से बाहर निकलते घायल व मौके पर पहुंचे आसपास के लोग। एसडीएम सरकाघाट और डीएसपी सरकाघाट ने घटनास्थल का दौरा किया और हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं। दोनों अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया व जरूरी निर्देश दिए।
हादसे का कारण क्या रहा है, इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा।