
श्रीनगर गढ़वाल (पौड़ी)। नगर क्षेत्र के डांग–ऐंठना के जंगलों तथा कीर्तिनगर विकासखंड के सेन्द्री, धद्दी घंडियाल के जंगलों में भीषण आग भड़क उठी। तेजी से फैलती आग ने वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचाया। डांग क्षेत्र में लगी आग रिहायशी इलाकों तक पहुंच गई, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बन गया। शनिवार शाम अचानक डांग क्षेत्र के जंगलों में आग लग गई। देखते ही देखते वनाग्नि जीएसटी भवन के पीछे से होते हुए एसएसबी फायरिंग रेंज के ऊपर तक फैल गई।
सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन दुर्गम परिस्थितियों के कारण उन्हें आग पर काबू पाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। आग रातभर जंगलों में धधकती रही। वहीं कीर्तिनगर विकासखंड के चौरास स्थित सेन्द्री गांव के आसपास के जंगलों और तेगड़ मार्ग के जंगलों में भी आग सुलगती रही। जंगलों और सड़कों के किनारे फैले सूखी चीड़ की पत्तियों के कारण आग तेजी से फैलती रही। रविवार सुबह मौसम में बदलाव के साथ हुई हल्की बारिश के कारण वनाग्नि की घटनाओं पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया। इससे वन विभाग ने भी राहत की सांस ली।

















