
जांजगीर। पामगढ़ से डोंगाकोहरौद मार्ग की खराब हालत से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को चक्का जाम करने की चेतावनी दी है। यह मार्ग जिला जांजगीर-चांपा को राजधानी रायपुर से जोड़ता है और इस पर कई गांवों के बच्चे, डिलीवरी वाहन और जनता का आवागमन होता है। स्थानीय सरपंच हिर्री आशा बाई ने बताया कि सडक़ में बड़े गड्ढे हैं और कई जगह पानी जमा रहता है, जिससे दुर्घटना की संभावना बढ़ गई है। प्रशासन को कई बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्राम पंचायत कोसीर के सरपंच अंजीरा भानू ने कहा कि यह समस्या गंभीर है और बच्चों और आम लोगों की जान के लिए खतरा बन गई है। यदि प्रशासन ध्यान नहीं देता है, तो शुक्रवार सुबह 10 बजे अम्बेडकर चौक पर चक्का जाम किया जाएगा। इस आंदोलन का समर्थन डोंगाकोहरौद, कोसीर, धनगांव, ससहा, कुटराबोड़, हिरी, भिलोनी और सिरी सहित कई ग्राम पंचायतों के सरपंचों और ग्रामीणों ने किया है। ग्रामीणों का कहना है कि सडक़ की खराब स्थिति न केवल दुर्घटनाओं का कारण बन रही है, बल्कि आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों पर भी असर डाल रही है।


















