मानवाधिकार आयोग पहुंचा गुरुग्राम सिग्नेचर ग्लोबल प्रोजेक्ट हादसा केस, 7 मौतों की छिपाने की हुई कोशिश

गुरुग्राम। गुरुग्राम में निर्माणाधीन परियोजना में मिट्टी धंसने से सात श्रमिकों की मौत के मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश यादव ने राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग को शिकायत भेजकर मामले की जांच की मांग की है।शिकायत में बताया गया है कि गुरुग्राम के बिलासपुर थाना क्षेत्र के सिधरावली गांव में स्थित सिग्नेचर ग्लोबल के निर्माणाधीन प्रोजेक्ट में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के लिए चल रही खोदाई के दौरान बेसमेंट में अचानक मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में सात श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रकाश यादव ने आयोग को भेजी शिकायत में कहा है कि करीब 60 फीट गहरे बेसमेंट में श्रमिक काम कर रहे थे, लेकिन निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के कारण श्रमिकों की जान गई है, जो मानव अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। आयोग से मांग की है कि पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच करवाई जाए, हादसे के लिए जिम्मेदार बिल्डर, ठेकेदार व संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा मृतक श्रमिकों के स्वजन को उचित मुआवजा और घायल मजदूरों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

 

RO No. 13467/11