
गाजियाबाद। उमस भरी गर्मी में बुखार के साथ डिहाइड्रेशन के मरीज बढ़ रहे हैं। मंगलवार को ओपीडी में बेहोश होकर गिरे मरीज को स्वास्थ्यकर्मी घुमाते रहे। बाद में इमरजेंसी में भर्ती किया गया। जिला एमएमजी अस्पताल की ओपीडी में कुल 2803 मरीजों ने इलाज कराया। इनमें 446 बच्चे और बुखार के 319 मरीज शामिल हैं। 106 मरीजों को भर्ती किया गया और 85 मरीजों ने इमरजेंसी में इलाज कराया। संयुक्त अस्पताल में 1190 मरीजों में 152 बच्चे और बुखार के 113 मरीज पहुंचे। जिला एमएमजी अस्पताल के कामन एरिया में बेहोश होकर एक मरीज गिर पड़ा और मौजूद स्टाफ को इसकी खबर तक नहीं हुई।
कोर्ट गांव निवासी बाबूलाल (65) को सात सितंबर को बुखार, खांसी और सांस लेने में परेशानी के चलते अस्पताल लेकर आए थे। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वार्ड में भर्ती कर लिया था। सोमवार दोपहर बाबूलाल अचानक बाहर निकल गए और कामन एरिया में गिर पड़े।
वहां मौजूद दूसरे मरीजों और उनके स्वजन ने शोर मचाकर स्टाफ को बुलाने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक कोई वार्ड ब्वाय मौके पर नहीं पहुंचा। स्टाफ नर्स ने मरीज को वार्ड से छुट्टी दिया जाना बताया। इसके बाद मरीज का इलाज इमरजेंसी में किया गया।























