
ओक्लाहोमा सिटी (अमेरिका)। अमेरिका के अधिकांश हिस्सों में आए भीषण तूफानों ने भारी तबाही मचाई है। इसमें कम से कम 20 लोगों की जान चली गई जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। तूफानों की चपेट में आने से कई घर ध्वस्त हो गए। हजारों वर्ग किलोमीटर जंगल जलकर राख हो गए। प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
हजारों वर्ग किलोमीटर जंगल जलकर राख
स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है। प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है। हवाएं इतनी तेज थीं कि ट्रक तक पलट गए। कई मकान तहस-नहस और हजारों वर्ग किलोमीटर जंगल जलकर राख हो गया है।
नेशनल वेदर सर्विस के मौसम विज्ञानी डेविड रोथ ने बताया कि शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक ही 26 तूफानों की सूचना मिली। इस बीच, शनिवार को यह तूफान मिसिसिपी घाटी और डीप साउथ की ओर बढ़ गए।अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, शनिवार सुबह तक सबसे अधिक मौतें मिसौरी में हुईं, जहां रातभर चले तूफान में कम से कम 11 लोगों की जान ले ली। मिसौरी स्टेट हाईवे पेट्रोल ने बताया कि कई लोग घायल भी हुए हैं। मृतकों में एक व्यक्ति की घर के नीचे दबने से मौत हो गई। उसका घर पूरी तरह ध्वस्त हो गया। बटलर काउंटी के कोरोनर जिम एकर्स ने बताया- ”वह घर पहचान में नहीं आ रहा था। बस मलबे का ढेर था। फर्श उल्टा हो गया था। हम दीवारों पर चल रहे थे।” उन्होंने बताया कि बचावकर्मियों ने घर में एक महिला को बचा लिया। उधर, अर्कांसस के अधिकारियों ने शनिवार सुबह बताया कि तूफान के चलते इंडिपेंडेंस काउंटी में तीन लोगों की मौत हो गई और आठ काउंटियों में 29 अन्य लोग घायल हो गए।
राज्यभर में 130 से अधिक आग की घटनाएं दर्ज
ओक्लाहोमा में कुछ समुदायों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है क्योंकि राज्यभर में 130 से अधिक आग की घटनाएं दर्ज की गईं। ओक्लाहोमा के गवर्नर केविन स्टिट ने कहा कि उनके राज्य में ही अब तक लगभग 266 वर्ग मील (689 वर्ग किलोमीटर) जंगल जल चुके हैं।