शराब के नशे में पति ने की पत्नी की हत्या

सूरजपुर। जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां कोतवाली थाना क्षेत्र के लाछा गांव में शराब के नशे में एक पति ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतिका रानिया कथित तौर पर शराब पीने की आदी थी, जिसके कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। शनिवार रात को भी दोनों ने साथ में शराब पी, जिसके बाद उनका आपसी विवाद काफी बढ़ गया। गुस्से में आकर पति ने पास पड़ी टांगी की बेंत (हत्थे) से अपनी पत्नी के सिर और पेट पर वार कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी पति वहीं पर सो गया। सुबह जब उसका शराब का नशा उतरा, तो उसने देखा कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है और मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

RO No. 13467/11