
सिरसा, १८ मार्च ।
सिरसा के कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर लाइव आकर राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोट करने वाले और वोट रद करने वाले विधायकों के नाम सार्वजनिक करने की मांग की है।इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की है कि वह बुधवार को चंडीगढ़ में अपनी पार्टी ऑफिस के बाहर धरना देंगे और बाकी विधायकों से अनुरोध करेंगे कि वे भी धरने में शामिल हों। उनका कहना है कि जिन पांच विधायकों ने क्रॉस वोट करके पार्टी के साथ विश्वासघात किया है, उन्हें बाहर निकालने का काम करना चाहिए। गोकुल सेतिया ने कहा कि पार्टी का विधायक होने के कारण मेरा भी अपनी बात रखने का हक है। क्योंकि फेक न्यूज में मेरा नाम लिखा हुआ है। विधायक ने कहा कि हमारी पार्टी 37 में से पांच से सात को निकाल दें तो कोई फर्क नहीं पड़ेगा। सरकार तो नहीं गिरेगी।
आगे से ऐसे व्यक्तियों को सबक मिल जाएगा। नहीं तो उस एरिया में पार्टी कोई नया नेता नहीं दे पाएगी। ऐसे विधायक सरकार से वोट के बदले डील करते रहेंगे। मैं बाकी विधायकों से अपील करता हूं कि सभी आए। हम विरोध नहीं कर रहे। जिन्होंने धोखा किया, हम उनकी श्रेणी में क्यों आए।गोकुल सेतिया ने कहा कि सोशल मीडिया पर जो फेक न्यूज डाल रहे हैं कि उसमें मेरा भी नाम है। इसमें कोई दो राय नहीं है सीएम साहब मेरे घर आए। मैं व्यक्तिगत तौर पर उनकी इज्जत करता हूं। पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से भी मेरी मुलाकात हुई थी। हरियाणा विधानसभा में हम सबसे मिलते हैं। किसी से लड़ाई नहीं है और सामाजिक रिश्ते अलग जगह है। उन्होंने कहा कि किसी से मुलाकात की तो छिप कर नहीं की। इसका यह मतलब नहीं कि मैं पार्टी के विरुद्ध गया। अगर किसी का वोट रद हुआ है तो कम से कम उनका नाम सार्वजनिक करना चाहिए।

























