
नईदिल्ली, 06 अगस्त ।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि उन्हें रूस से रासायनिक पदार्थों और उर्वरकों के आयात की कोई जानकारी नहीं है। यह बयान तब आया जब भारत ने दावा किया कि अमेरिका अपनी परमाणु और इलेक्ट्रिक वाहन उद्योगों के लिए रूस से यूरेनियम हेक्साफ्लोराइड, पैलेडियम, उर्वरक और रसायन आयात करता है। ट्रंप का यह जवाब उस वक्त आया जब व्हाइट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान न्यूज एजेंसी एएनआई ने उनसे इस बारे में सवाल किया। ट्रंप ने कहा, मुझे इसके बारे में कुछ नहीं पता। हमें इसे जांचना होगा। राष्ट्रपति ट्रंप की प्रेस टीम से संपर्क किया है और जवाब का इंतजार है। यह बयान उस वक्त सामने आया जब एक दिन पहले ट्रंप ने भारत पर रूस से तेल खरीदने को लेकर तीखा हमला बोला था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, भारत न केवल रूस से भारी मात्रा में तेल खरीद रहा है, बल्कि इसे खुले बाजार में मुनाफे के लिए बेच भी रहा है। उन्हें यूक्रेन में रूसी युद्ध मशीन से मरने वाले लोगों की कोई परवाह नहीं। इसलिए मैं भारत पर अमेरिका को दी जाने वाली टैरिफ में भारी बढ़ोतरी करूंगा। इस पर ध्यान देने के लिए शुक्रिया। भारत ने इस बयान को सिरे से खारिज कर दिया। विदेश मंत्रालय ने इसे अनुचित और अतार्किक करार दिया। भारत ने कहा कि उसका रूस से आयात बाजार की जरूरतों और ऊर्जा सुरक्षा पर आधारित है, खासकर तब जब पश्चिमी देशों ने यूक्रेन संकट के बाद अपनी पारंपरिक आपूर्ति यूरोप की ओर मोड़ दी। भारत ने अपने बयान में कहा, हमने रूस से आयात इसलिए शुरू किया क्योंकि पारंपरिक आपूर्ति यूरोप की ओर मोड़ दी गई थी। उस वक्त अमेरिका ने भारत को वैश्विक ऊर्जा बाजारों की स्थिरता के लिए ऐसा करने को प्रोत्साहित किया था।






















