
मुंबई, 0२ सितम्बर ।
मराठा आरक्षण को लेकर कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने महाराष्ट्र में मुहिम छेड़ रखी है। मनोज पिछले कई दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। मनोज का कहना है कि राज्य में मराठा आरक्षण लागू होने तक वो अपना अनशन जारी रखेंगे। हालांकि, इस बीच मराठा आरक्षण को लेकर मनोज महाराष्ट्र सरकार से बात करने को राजी हो गए हैं। मुंबई के आजाद मैदान में आज मनोज जरांगे के अनशन का पांचवां दिन है। मनोज का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने किसी भी कानून का उल्लंघन नहीं किया है और हमें राजधानी (मुंबई) में घुसने से कोई नहीं रोक सकता।
मनोज जरांगे ने मराठा आरक्षण के लिए प्रदर्शन कर रहे लोगों से शांति बरकार रखने की अपील की है। उनका कहना है कि वो सरकार मराठा आरक्षण के लिए मनाकर रहेंगे। सरकार को मराठाओं को कुनबी में शामिल करे, जिससे उन्हें भी सरकारी नौकरी और शिक्षा में फायदा मिले। मैं सरकार के साथ बीतचीत के लिए तैयार हूं। मैं इसके लिए किसी भी हद तक जा सकता हूं। जब तक मेरी मांग पूरी नहीं हो जाती, मैं इस जगह से नहीं हिलूंगा। अगर आपने हमे गिरफ्तार करने या मुंबई से बाहर निकालने की कोशिश की, तो यह आपके लिए बहुत खतरनाक साबित होगा। मुंबई पुलिस ने आज जरांगे और उनके समर्थकों के लिए नोटिस जारी करते हुए आजाद मैदान खाली करने का आदेश दिया है। पुलिस का कहना है कि उन्होंने प्रदर्शन के नियमों का उल्लंघन किया है। इससे पहले बॉम्बे हाईकोर्ट ने भी जरांगे को हड़ताल खत्म करने का आदेश दिया था।