
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी आतंकी साजिश को टाल दिया। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के जांबाजपोरा इलाके में जवानों ने मुस्तैदी के साथ एक आईईडी बरामद कर उसे सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया। यह इस हफ्ते में दूसरी बार है जब सेना को एक आईईडी बरामद हुआ और उसे बड़ी ही सावधानी के साथ निष्क्रिय किया गया। इससे पहले 18 फरवरी को श्रीनगर-बारामूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर सडक़ के किनारे एक संदिग्ध वस्तु मिलने से हडक़ंप मच गया था। जानकारी के अनुसार, यह एक आईईडी था, जिसे किसी बड़ी आतंकी साजिश के तहत प्लांट किया गया था। सुरक्षाबलों ने उसे निष्क्रिय करने के लिए त्वरित एक्शन लिया और दोनों तरफ से ट्रैफिक रोककर बम स्क्वायड टीम को बुलाया। इस बीच कुछ समय में आईईडी डिफ्यूज कर दिया गया।




















