ऐतिहासिक-धार्मिक स्थलों पर प्लास्टिक फेंका तो लगेगा 5000 रुपये जुर्माना, खुले में थूकने पर 100 रुपये दंड

भागलपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण-2026 से पहले नगर निगम भागलपुर ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए कमर कस ली है। अप्रैल माह में केंद्रीय टीम का आगमन होगा। जिसे ध्यान में रखते हुए स्वच्छता के सभी मानकों पर तेज़ी से काम शुरू कर दिया गया है, ताकि भागलपुर को बेहतर रैंकिंग मिल सके। इसके लिए आमजन की भागीदारी के साथ-साथ नियमों के उल्लंघन पर सख्ती और जुर्माने का प्रविधान किया जा रहा है। नगर निगम की ओर से इस संबंध में आम सूचना जारी कर दी गई है.

ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों पर प्लास्टिक फेंकने पर 5000 रुपये जुर्माना

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली, 2016 के सख्त अनुपालन को लेकर नगर निगम ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। शहर के ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर प्लास्टिक कचरा फेंकना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यदि कोई व्यक्ति प्लास्टिक कचरा नदी, नालों के किनारे डंप करता या खुले में जलाता पाया गया, तो उसपर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। निगम का कहना है कि प्लास्टिक न सिर्फ पर्यावरण के लिए घातक है, बल्कि नालों में डंपिंग से जलजमाव और बीमारियों का खतरा भी बढ़ता है।

खुले में थूकने पर सख्ती

शहर की स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निगम ने खुले में थूकने पर भी सख्ती बढ़ा दी है। निगम क्षेत्र में कहीं भी थूकते हुए पकड़े जाने पर 100 रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। दरअसल, भागलपुर को रेड स्पाट मुक्त शहर घोषित किया गया है। ऐसे में अब निगम की टीमें नियमित रूप से निगरानी कर मौके पर ही कार्रवाई करेंगी।

खुले में फीकल स्लज फेंकने पर 1600 रुपये जुर्माना

सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए नगर निगम ने फीकल स्लज निस्तारण की सुविधा उपलब्ध कराई है। कोई भी नागरिक 1600 रुपये शुल्क जमा कर अपने घर या प्रतिष्ठान का सेप्टिक टैंक खाली करवा सकता है। यह कार्य केवल नगर निगम या पंजीकृत सफाई वाहनों से ही कराया जाएगा। खुले में फीकल स्लज (मानव मल, मूत्र, पानी, टायलेट पेपर, गंदगी, हानिकारक बैक्टीरिया, वायरस, परजीवी) फेंकने पर 1600 रुपये का जुर्माना लगेगा। निजी सफाई वाहन मालिकों को भी पंजीकरण कराना अनिवार्य कर दिया गया है।  नगर निगम ने आम लोगों से अपील की है कि वे स्वच्छता अभियान में सहयोग करें, नियमों का पालन करें और भागलपुर को स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर स्थान दिलाने में अपनी भूमिका निभाएं।

RO No. 13467/10