
एमसीबी,जनकपुर। पुलिस द्वारा विगत वर्षों में पशु तस्करों पर लगातार की गई कार्रवाई के बावजूद भरतपुर ब्लाक में पशु तस्करी का कारोबार नहीं थम रहा है। गत दिवस जनकपुर थाना अंतर्गत कुंवारपुर पुलिस द्वारा ग्रामीणों के सहयोग से ग्राम पंचायत तोजा के ग्राम आरा के नवाटोला में 07 भैंस पड़ा को बरामद कर लिया, लेकिन संलिप्त पिकअप वाहन और तस्कर फरार हो गए जिन्हें पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। वहीं पुलिस ने बरामद किए गए भैंस पड़ा को देखरेख के लिए ग्राम पंचायत तोजा के सरपंच को सुपुर्दगी में सुरक्षित रखवा दिया है। विदित हो कि विगत वर्ष भरतपुर ब्लाक अंतर्गत जनकपुर थाना एवं कोटाडोल थाना क्षेत्र से पशु तस्कर आए दिन पशुओं को जंगल के रास्ते पैदल ले जाया करते थे, लेकिन पुलिस द्वारा मुस्तैदी से धर पकड़ करके पैदल पशु तस्करी पर लगाम तो लगा दिया गया। जिससे क्षेत्र के पशु तस्कर पशुओं को पैदल ले जाना छोडक़र अब ट्रक एवं पिकअप वाहन में पशुओं को भरकर फर्राटा भरते हुए क्षेत्र से गुजरने लग गए। ऐसा ही मामला गत दिवस पशु तस्करी का सामने आया। मिली जानकारी के अनुसार
16 मार्च 2026 को सुबह लगभग 04 बजे कुंवारपुर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत तोजा के ग्राम आरा के नवाटोला में कटहरधार नाला के नजदीक सडक़ किनारे गड्ढा में एक पिकअप वाहन फंसा हुआ था। पिकअप वाहन में 07 रास भैंस भैसी व पड़ा ठूस ठूसकर भरे हुए थे। जिसे नवाटोला के ग्रामीणों राजकुमार, शिवकुमार, रामभजन ने देखा और ग्राम आरा निवासी रामू को फोन करके जानकारी दिए। इस दौरान स्थल पर ग्रामीणों की काफी भीड़ जमा हो गई थी, रामू भी स्थल पर पंहुचा और उत्सुकतावश पिकअप का फोटो खींच लिया।इसी दौरान पशु तस्कर एक वैन वाहन में स्थल पर पंहुचा और गांव के एक ट्रेक्टर से पिकअप को खिचवाकर गड्ढा से बाहर निकलवाकर भगा दिया। और पशु तस्कर भी भैंस पड़ा को वहीं छोडक़र वैन में बैठकर फरार हो गया। सूत्रों के मुताबिक इस कारोबार में ग्राम खाड़ाखोह निवासी तीरथ जोगी सहित बाहरी व्यापारी भी संलिप्त है। सूत्रों के अनुसार जानकारी मिली है कि 15 एवं 16 मार्च की दरम्यानी रात को पशु तस्कर 04 पिकअप वाहन में ठूस ठूसकर मवेशियों को भरकर क्षेत्र से होते हुए शहडोल जिला के सीधी थाना अंतर्गत ग्राम कुदरी ले जा रहे थे।
सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि पशु तस्करी में संलिप्त चारों पिकअप वाहन सबसे पहले क्षेत्र के ग्राम चुटकी स्थित बाबू ढाबा में आकर रुके और ग्राम बहरासी होते हुए कुंवारपुर की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान सामने से एक वाहन आते हुए देखकर पुलिस होने की शंका से डर गए और सबसे आगे चलने वाला पिकअप वाहन को चालक ने सडक़ से नीचे उतार दिया जिससे वाहन गड्ढा में फंस गया और ग्रामीणों के नजर में आ गया। अन्य तीन वाहन सुरक्षित वापस होकर वहां से भाग गए थे जिनका सुराग लगाने में पुलिस जुटी हुई है। हालांकि सडक़ किनारे गड्ढा में फंसी हुई पिकअप से उतारे गए 07 रास भैंस, भैसी व पड़ा को ग्रामीणों की सूचना पर मौके में पहुंची कुंवारपुर पुलिस ने बरामद कर ग्राम पंचायत तोजा के सुपुर्दगी में दे दिया और फरार पशु तस्कर व पशु तस्करी में संलिप्त चारों पिकअप वाहन की सरगर्मी से तलाश कर रही है।






















