घरेलू विवाद में हैवान बना पति… कुल्हाड़ी से वार कर की पत्नी की हत्या, लखनऊ में हुई खौफनाक वारदात

लखनऊ, 0९ मार्च ।
निगोहां के शेखन खेड़ा गांव में रविवार रात घरेलू विवाद के चलते एक मजदूर ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।पुलिस के मुताबिक शेखन खेड़ा गांव में ससुराल में रह रहे मजदूर राजेश रावत ने रविवार रात अपनी पत्नी राजेश्वरी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति फरार हो गया। बताया जा रहा है कि राजेश रावत मूल रूप से नगराम थाना क्षेत्र के अकरहदू गांव का रहने वाला है और कई वर्षों से अपनी ससुराल शेखन खेड़ा में ही रह रहा था। दंपति के पांच बच्चे हैं।घटना के समय बड़ा बेटा गुलशन समेत अन्य बच्चे पड़ोस में बलराम के बेटे के पैपूंजी कार्यक्रम में गए हुए थे। इसी दौरान घर में पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया और गुस्से में आकर राजेश ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में महिला की मौत हो गई और आरोपी मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब बड़ा बेटा गुलशन घर लौटा तो उसने कमरे में चारपाई पर मां को खून से लथपथ पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर उसने शोर मचाया। शोर सुनकर अन्य बेटे और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।घटना की सूचना के बाद एसओ निगोहां अनुज तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बड़े बेटे गुलशन ने बताया कि उसके पिता राजेश शराब पीने के आदी थे और पैतृक गांव में भी अक्सर नशे में झगड़ा करते थे। इसी से तंग आकर उसकी मां ने पैतृक जमीन बिकवाकर कुछ वर्ष पूर्व शेखन खेड़ा में घर बनवाकर रहना शुरू किया था, लेकिन यहां भी पिता की आदत नहीं बदली और वह अक्सर शराब पीकर घर में झगड़ा करते थे।
घटना की खबर फैलते ही गांव सहित आसपास के इलाके में हडक़ंप मच गया। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मामले की जांच कर रही है।

RO No. 13467/11