
भागलपुर। Bihar Flood ALERT लगातार हो रही वर्षा के कारण गंगा और उसकी सहायक नदियां उफान पर हैं, जिससे पानी खेतों और रिहायसी इलाकों में फैल रहा है। गंगा का जलस्तर बूढ़ानाथ मंदिर तक पहुंच गया है, जबकि मशानी काली मंदिर परिसर जलमग्न हो गया है। निचले इलाकों में भी पानी भरने लगा है। चांदन नदी का बांध टूटने से गोराडीह के कई गांवों में जलभराव हो गया है। कतरिया नदी के उफान से सबौर- जमसी मार्ग बंद हो गया है। भिट्ठी और सरधो गांव के आसपास पानी चारों ओर फैल गया है। खेतों के साथ-साथ अब घरों में भी पानी प्रवेश कर रहा है। ममलखा और चांचचक में कटावरोधी काम में लगे बोरे खिसक रहे हैं, जिससे कटाव और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। पशुओं की स्थिति भी गंभीर है, चारे की कमी और रहने की समस्या बढ़ रही है।
तटबंधों की सुरक्षा के लिए चौकसी बढ़ाई गई
नवगछिया के इस्माईलपुर-बिंद टोली में रविवार की संध्या छह बजे गंगा नदी का जलस्तर लाल निशान से 57 सेंटीमीटर ऊपर, अर्थात 32.17 मीटर पर बह रहा था। वहीं, मदरौनी में कोसी नदी का जलस्तर 30.40 मीटर पर, चेतावनी स्तर से आठ सेंटीमीटर नीचे दर्ज किया गया। गंगा नदी के जलस्तर में भारी वृद्धि और मूसलाधार वर्षा के कारण विभिन्न स्परों और तटबंधों पर पानी का दबाव बढ़ गया है। हाल ही में स्पर संख्या नौ के पचास-छह मीटर ध्वस्त होने के बाद, स्पर संख्या आठ पर पानी का दबाव काफी बढ़ गया है।
कहलगांव में खतरे के निशान से पार, दर्जनों गांव घिरे
कहलगांव में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और यह खतरे के निशान से 39 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच चुका है। हाल में जलस्तर 31 मीटर 40 सेंटीमीटर तक स्थिर था, लेकिन अब यह पिछले स्तर से आठ सेंटीमीटर अधिक हो गया है। बाढ़ का पानी चारों ओर फैलने लगा है, जिससे सहायक नदियां कुआ, घोघा, गेरूआ और भयाना भी उफान पर हैं। त्रिमोहन में उत्क्रमित उच्च विद्यालय एवं मध्य विद्यालय परिसर में बाढ़ का पानी फिर से भर गया है, हालांकि कक्षाओं में पानी नहीं घुसा है और पठन-पाठन प्रभावित नहीं हुआ है।
बाढ़ के पानी में डूबने से दो बच्चों की मौत
सनोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत अलग अलग दो गांवों में डूबने से एक बालक एवं एक बच्चे की मौत हो गई है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी के अनुसार, धुआबे पंचायत के कुशहा गांव के बहियार में फैले बाढ़ के पानी में स्नान करने के दौरान डूबने से मंजरुल हक उर्फ मंटू के पुत्र मु. शमीम(15) की मौत हो गई है। शमीम सहपाठी के साथ स्नान कर रहा था। वहां भयना नदी का पानी फैल गया है। गहरे पानी में जाने के कारण उसके डूबने की बात कही जा रही है। इसकी सूचना मिलते ही स्वजनों व ग्रामीणों ने उन्हें निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन उस समय तक उसकी मौत हो चुकी थी।