
यमुनानगर, ३० सितम्बर ।
कुरुक्षेत्र में हुए पोस्टमार्टम के बाद एक ही परिवार के पांच सदस्यों का देर रात अंतिम संस्कार कर दिया गया। कुरुक्षेत्र से एंबुलेंस शव लेकर शाम सात बजे यमुनानगर पहुंची और तुंरत ही उनके घर से सभी शवों को जम्मू कॉलोनी के श्मशान घाट ले जाया गया।
जहां पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। गुलाबनगर के रहने वाले पवन, उसका भाई राजेंद्र, उर्मिला व संजय की पत्नी सुमन और वंशिका कुरुक्षेत्र में सडक़ दुर्घटना में मारे गए थे। जैसे ही उनके अन्य रिश्तेदारों को सूचना मिली तो वह कुरुक्षेत्र पहुंचे।
जहां सिविल अस्पताल की मोर्चरी से पोस्टमार्टम के बाद उनके शवों को स्वजन को सौंप दिया गया। सोमवार की शाम को सभी के शव यमुनानगर एंबुलेंस से पहुंचे। जहां घर पर पहुंचते ही कुछ ही देर में सभी के शवों को अंतिम संस्कार के लिए जम्मू कालोनी स्थित श्मशाम घाट ले जाया गया। एक साथ पांच चिताएं जब जली तो हर किसी की आंख नम हो उठी।


































