हिमाचल में हाहाकार… तीन जगह फटे बादल आठ पुल बहे, तीन पंचायतों से कटा संपर्क

धर्मशाला, १४ अगस्त ।
हिमाचल के लाहुल-स्पीति व कुल्लू जिले में तीन स्थानों पर बादल फटने से भारी क्षति हुई है। बुधवार शाम को कुल्लू जिले के श्रीखंड महादेव के पास बादल फटने से दोगुड़ा पुल बह गया और बागीपुल बाजार को खाली करवाना पड़ा।शिमला जिले के रामपुर उपमंडल की फांचा पंचायत की नंती खड्ड में बाढ़ आने से चार पुल, दो मकान, पांच दुकानें, दो शेड, सेब के बगीचे व जमीन बह गई। सात मकानों, पांच दुकानों, सात शेड व बिजली के छोटे प्रोजेक्ट को नुकसान पहुंचा है। कुल्लू जिले के बंजार उपमंडल के बठाहड़ की तीर्थन नदी में बादल फटने से आई बाढ़ से चार काटेज और तीन से चार वाहन बह गए।
इसके बाद भीमड़वारी से बागीपुल तक के क्षेत्र को खाली करवाया गया।लाहुल-स्पीति जिले की मयाड़ घाटी में मंगलवार शाम बादल फटने से तीन पुल बहे हैं। कुछ घरों को भी नुकसान हुआ है। करपट, चांगुट व उडगोस नालों पर बने पुल बह गए हैं और मयाड़ नाले पर बना पुल डूब गया है।किन्नौर में भारी वर्षा के बाद पूह के होजो नाले में बाढ़ आने से भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के लिए सडक़ बना रही कंपनी का पूरा परिसर जलमग्न हो गया और कर्मचारियों ने भाग कर जान बचाई। होजो नाले के मलबे और पानी ने सतलुज नदी का बहाव रोक दिया है।इससे यहां पर नदी में झील बन गई है। इस झील का पानी किन्नौर व शिमला जिले के निचले क्षेत्रों के लिए बड़ा खतरा बन गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर रामपुर बाजार को खाली करने के आदेश जारी किए हैं।राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार 20 जून को मानसून के आगमन के बाद अब तक 2031 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। हिमाचल प्रदेश में इस अवधि में 241 लोगों की जान गई। इनमें 126 की मौत बाढ़, भूस्खलन, बादल फटने, डूबने, बिजली गिरने, सर्पदंश, करंट लगने और पेड़ या पहाड़ी से गिरने के कारण हुई है। 115 लोगों की मृत्यु सडक़ दुर्घटनाओं में हुई है।

 

RO No. 13467/11