
इंदौर। शहर के लसूडिय़ा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। यहां एक मजदूर ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान मां को बचाने आई 14 वर्षीय नाबालिग बेटी पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला किया। घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया।पुलिस के अनुसार यह घटना स्कीम-78 इलाके की है। आरोपी संजय कंचन ने सुबह के समय अपनी पत्नी सुमन से विवाद के बाद किचन से चाकू उठाकर उस पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। संजय को पत्नी के चरित्र पर संदेह था, इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।घटना के वक्त उनकी 14 वर्षीय बेटी तानी घर में मौजूद थी। मां की चीख-पुकार सुनकर जब वह बीच-बचाव के लिए पहुंची, तो संजय ने उस पर भी चाकू से वार कर दिया। तानी के गर्दन और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
टीआई तारेश सोनी ने बताया कि वारदात के बाद संजय चाकू लेकर स्वयं लसूडिय़ा थाने पहुंचा और पुलिस से कहा— “मैंने अपनी बीवी को मार डाला है।” यह सुनकर पुलिसकर्मी सन्न रह गए। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया।



























