लुधियाना में शातिर चोरों ने गैस कटर से काटा एटीएम 7 लाख कैश लेकर हुए फरार

लुधियाना, ९ मार्च ।
जालंधर बाईपास रोड पर स्थित एल्डिको के बाहर लगे आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को बीती रात चार शातिर चोरों ने निशाना बनाया। गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन काटकर लगभग सात लाख रुपये की नकदी से भरी चार ट्रे लेकर फरार हो गए।स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद थाना सलेम टाबरी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।यह घटना रात करीब डेढ़ बजे से दो बजे के बीच हुई। लुटेरे पूरी तैयारी के साथ आए थे और उनके पास गैस कटर सहित अन्य औजार मौजूद थे। सुरक्षा के लिहाज से रात के समय एटीएम का शटर बंद रहता है, जिसका फायदा उठाते हुए बदमाशों ने पहले गैस कटर से शटर काटा और अंदर घुस गए।इसके बाद एटीएम मशीन को काटकर उसमें रखी नकदी की चार ट्रे निकाल लीं। अनुमान है कि इन ट्रे में करीब सात लाख रुपये की नकदी थी। घटना का पता सुबह उस समय चला जब स्थानीय लोग और एटीएम से जुड़े कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अनिल कुमार ने बताया कि सुबह जब मौके पर पहुंचे तो एटीएम का शटर कटा हुआ था और अंदर मशीन के साथ छेड़छाड़ की गई थी।सूचना मिलते ही पुलिस की सीआईए और स्थानीय थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया है, ताकि कोई सुराग मिल सके। पुलिस एटीएम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वारदात में तीन से चार बदमाश शामिल हो सकते हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, एटीएम हर रोज रात के समय बंद रहता था। इसलिए लुटेरों ने पहले इसकी रेकी की थी। रात एक से सुबह पांच बजे तक इलाका सुनसान हो जाता है, इसलिए लुटेरों ने डेढ़ से दो बजे के बीच का समय तय किया। वे अपनी कार में गैस कटर मशीन और अन्य हथियार लेकर आए थे, जिसकी मदद से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज मिली हैं, जिसमें आरोपित वारदात करने से पहले और बाद में कैद हुए हैं। पुलिस अभी आरोपितों की लोकेशन खंगालने में लगी है।

RO No. 13467/11