
कोरिया बैकुंठपुर। जन-जन के प्रिय, इलाज वाले बाबा के नाम से प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री भैयालाल राजवाड़े का पटना बाजार में आगमन हुआ। उनके आगमन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
विधायक राजवाड़े ने पटना बाजार में आम नागरिकों, व्यापारियों, युवाओं एवं महिलाओं से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली-पानी, सडक़, राशन, पेंशन एवं स्थानीय विकास से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उनके समक्ष रखीं। पूर्व मंत्री ने प्रत्येक समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही चर्चा की तथा शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। जनसंपर्क के दौरान भैयालाल राजवाड़े ने कहा कि जनसेवा ही उनका मुख्य उद्देश्य रहा है और आगे भी वे जनता के सुख-दुख में सदैव साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि विधायक राजवाड़े हमेशा जमीन से जुड़े नेता रहे हैं, जो बिना किसी औपचारिकता के सीधे लोगों के बीच पहुँचकर उनकी समस्याओं का समाधान करते हैं। यही कारण है कि उन्हें क्षेत्र में इलाज वाले बाबा के नाम से विशेष सम्मान और लोकप्रियता प्राप्त है। कार्यक्रम के अंत में भाजपा के वरिष्ठ नेता रवि शर्मा जवाहरलाल गुप्ता सहित क्षेत्र के नागरिकों ने भैयालाल राजवाड़े का आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि उनके प्रयासों से क्षेत्र की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा। उनका यह दौरा क्षेत्र में सकारात्मक संदेश देने वाला और जनविश्वास को मजबूत करने वाला सिद्ध हुआ।























