अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में आंदोलन की तैयारी में झारखंड भाजपा, निकाय चुनाव से पहले सडक़ पर उतरेगी पार्टी

रांची। नए साल पर नए अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा आंदोलनात्मक कार्यक्रम की तैयारी कर रही है। देवघर जिले के मधुपुर में हुए दलित समाज के घरों पर हमले को भाजपा ने सांप्रदायिक तुष्टीकरण बताते हुए राज्य सरकार को घेरा है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पार्टी विधायकों और नेताओं को मधुपुर में दलित परिवारों के घर पर भेजा। इसके अलावा कोल्हान में कानून-व्यवस्था की बिगड़ी स्थिति पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने प्रशासन से सवाल किए हैं।जमशेदपुर से अगवा किए व्यवसायी पुत्र को कानून-व्यवस्था की गंभीर समस्या बताते हुए भाजपा नेता आंदोलन करेंगे। इसमें एसएसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी इससे पहले कानून-व्यवस्था के मामले में राज्य भर में बंद आयोजित करने की बात कह चुके हैं। मकर संक्रांति का त्योहार बीतने के बाद पार्टी जल्द ही बड़े आंदोलनात्मक कार्यक्रम की तैयारी में है। फरवरी में राज्य विधानसभा का बजट सत्र होना है। इससे पहले नगर निकाय चुनावों की घोषणा संभावित है। भाजपा नगर निकाय चुनाव के लिए बजट सत्र से पहले ही कार्यकर्ताओं को तैयार कर रही है। सत्र से पहले भाजपा कार्यकर्ता सडक़ पर उतरकर भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था समेत अन्य मुद्दों पर राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगे।

RO No. 13467/10