आर्यन स्कूल के वार्षिक उत्सव में डीईओ उपाध्याय ने संस्कारयुक्त शिक्षा को बताया आज की आवश्यकता

कोरबा। ग्रामीण अंचल में आधुनिक गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने को कृत संकल्पित आर्यन पब्लिक स्कूल के गेवरा बस्ती ब्रांच में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा तामेश्वर उपाध्याय उपस्थित रहे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के संचालक एवं भाजपा जिला मंत्री अजय कुमार दुबे ने की।
सर्वप्रथम मां सरस्वती की पूजा अर्चना कर कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर समस्त उपस्थित विद्यार्थियों ने सरस्वती जी की वंदना की। तत्पश्चात् अतिथियों को तिलक लगाकर श्री फल से स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री उपाध्याय ने संबोधित करते हुए कहा कि वास्तव में आर्यन पब्लिक स्कूल गांव के जरूरत मंद लोगो को शिक्षा उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम है। जहां न्यूनतम शुल्क पर आधुनिक संस्कार युक्त शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। संस्था के संचालक अजय कुमार दुबे स्वयं शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित एवं अनुभवी व्यक्ति हैं। जिन्होंने 25 वर्षों से कोरबा जिले में शिक्षा की नवाचार व्यवस्था को लागू किया है। वो चाहे बच्चों को प्रतियोगिता परीक्षाओं हेतु तैयार करना हो या महाविद्यालयों में कैरियर काउंसलिंग।
इस अवसर पर अजय कुमार दुबे ने संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य मात्र पैसे कमाने की फैक्ट्री उत्पन्न करना नहीं है वरन संस्कार युक्त इंसान बनाना है।जो राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका तय कर सकें। आपने उपस्थित पालकों से भी आग्रह किया कि वे आज के परिवेश के अनुकूल बच्चों में धैर्य, आत्म विश्वास एवं अनुशासन पैदा करें ताकि वो जीवन में आने वाली कठिनाइयों से आसानी से निपट सकें। सर्वप्रथम बच्चों को उनके साल भर की उपलब्धियों के लिए पुरस्कार वितरण किया गया। तत्पश्चात् नन्हे मुन्ने बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर अनेक प्रेरणादायक नाट्य मंचन भी किया गया। जिसका हजारों की संख्या में उपस्थित पालकों एवं ग्राम वासियों ने आनंद उठाया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की प्राचार्य श्रीमती रेणु चक्रवती, श्रीमती मंजू अजय दुबे, श्रीमती गोदावरी देवांगन, श्रीमती रेवती यादव, श्रीमती सीमा कटकवार, श्रीमती पूजा, श्रीमती सुनीता महंत, श्रीमती नम्रता नाथ, चंचल अग्रवाल, मंजू, संभावी आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जबकि मंच का संचालन श्रीमती लीना एवं स्वागत कुमार नायक ने किया। अंत में आभार प्रदर्शन श्रीमती रेणु चक्रवती ने किया।

RO No. 13467/10