
सक्ती। जिले के शासकीय उद्यान रोपणियों और गांवों की अमराइयों में इन दिनों आम के बौरों की सुगंध फैलने लगी है। पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष आम के पेड़ों पर मंजरियां अधिक सघन, स्वस्थ और प्रचुर मात्रा में दिखाई दे रही हैं। अनुकूल मौसम और पेड़ों पर अच्छी मंजरियों को देखते हुए इस साल आम के बेहतर उत्पादन की संभावना जताई जा रही है। जिले में आम की प्रमुख किस्मों में दशहरी आम, चौसा आम, आम्रपाली आम और लंगड़ा आम के पेड़ इन दिनों पूरी तरह फूलों से लदे हुए हैं। खेतों और बगीचों में आम के बौर आने से किसानों के चेहरे पर भी खुशी नजर आ रही है। उद्यानिकी विभाग ने किसानों को बेहतर उत्पादन के लिए आवश्यक सलाह भी जारी की है। विभाग के अनुसार यदि किसान समय-समय पर बगीचों का उचित प्रबंधन करें तो आम की उपज में लगभग 20 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि की जा सकती है।

















