
नई दिल्ली। ईरान के मिनाब गर्ल्स स्कूल पर हुए हमले में 165 बच्चियों की मौत पर भारत ने दुख व्यक्त किया है। भारतीय विदेश मंत्रालय (एमईए) ने गुरुवार को अपनी साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में सवाल पूछने पर एक संक्षिप्त बयान दे कर अपना दुख जताया। यह प्रतिक्रिया हमले के लगभग दो सप्ताह बाद आई है, जो भारत की ओर से इस घटना पर अब तक की सबसे स्पष्ट टिप्पणी मानी जा रही है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि स्कूली बच्चियों के बारे में आपके सवाल के संबंध में, हमने चल रहे संघर्ष पर कई बयान जारी किए हैं। हमने सभी नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया है और कीमती जानों के नुकसान पर अफसोस जताया है तथा उस संबंध में दुख व्यक्त किया है।
भारत ने संयम बरतने की अपील की
प्रवक्ता ने स्पष्ट रूप से अमेरिका या इजरायल की किसी भी कार्रवाई की निंदा नहीं की। इसके बजाय, उन्होंने संघर्ष में सभी पक्षों से संयम बरतने और नागरिकों (ईरान तथा खाड़ी देशों में) की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। साफ है कि यह प्रतिक्रिया संतुलित और सतर्क बनी हुई है, जिसमें किसी भी पक्ष की खुली आलोचना से परहेज किया गया है।






























