अमेरिका से नहीं लेनी चाहिए भारत को प्रेरणा, थिएटर कमांड को लेकर वायुसेना प्रमुख ने किया आगाह, दिया ये प्रस्ताव

नई दिल्ली। एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह ने मंगलवार को थिएटर कमांड की शुरुआत में जल्दबाजी न करने की चेतावनी देते हुए इस बात पर जोर दिया कि भारत को दूसरों की नकल करने के बजाय अपना मॉडल अपनाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने भविष्य के युद्धों की तैयारी के लिए चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी के अधीन दिल्ली में एक संयुक्त योजना और समन्वय केंद्र स्थापित करने का सुझाव दिया। आर्मी वॉर कॉलेज में बोलते हुए, वायुसेना प्रमुख ने नए थिएटर कमांड बनाने में जल्दबाजी करने के खिलाफ चेतावनी दी और कहा कि इस समय सब कुछ अस्त-व्यस्त करके एक नया ढांचा बनाना बहुत अच्छा विचार नहीं है। इसके बजाय, उन्होंने दिल्ली में एक संयुक्त योजना और समन्वय केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी के अधीन रखा जाए और जो संयुक्त रूप से निर्देश जारी करे। उन्होंने कहा, मुझे व्यक्तिगत रूप से लगता है कि दिल्ली में एक संयुक्त योजना और समन्वय केंद्र होना जरूरी है। प्रस्तावित थिएटर कमांड पर पूछे गए सवालों के जवाब में, सिंह ने कहा, हां, हम पहले इसी से शुरुआत कर सकते हैं, इसे लागू कर सकते हैं और देख सकते हैं कि यह कैसे आगे बढ़ता है। अगर हमें किसी और ढांचे की जरूरत है तो हम इस पर विचार कर सकते हैं। लेकिन इस समय सब कुछ अस्त-व्यस्त करके एक ढांचा बनाना, मुझे नहीं लगता कि यह बहुत अच्छा विचार है।

RO No. 13467/11