ईरान में भारतीय इंजीनियर केतन मेहता गिरफ्तार परिवार ने सरकार से लगाई मदद की गुहार

साहिबाबाद, १६ जनवरी ।
ईरान में सरकार के खिलाफ चल रहे जनता के विद्रोह व उसके बाद अमेरिका द्वारा हमले की धमकी के बाद लोग दहशत में हैं। अमेरिका ने भी अपने नागरिकों को ईरान छोडऩे के लिए बोल दिया है। इसके साथ ही भारत भी अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए लगा हुआ है। इसी बीच जानकारी के अनुसार ईरान रेवोल्यूशनरी गार्ड ने एल्सियान वेब मरीन कंपनी के एमटी ग्लोबल ऐस जहाज को कब्जे में लेकर उसमें सवार 16 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इसी जहाज पर साहिबाबाद की डीएलएफ कॉलोनी निवासी रैंक थर्ड इंजीनियर केतन मेहता भी थे। जानकारी लगने के बाद स्वजन दहशत में हैं।
माता-पिता का रो रोकर बुरा हाल है।उन्होंने सरकार से गुहार लगाई है कि उनके बेटे को ईरान से सकुशल भारत लाया जाए। पिता ने बताया कि उनका बेटा दुबई की एक फर्म में थर्ड इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। वह दुबई से ईरान गया था। उनकी बेटे से 31 दिसंबर को बात हुई थी। छह जनवरी को उन्हें एक अनजान नंबर से कॉल आया कि बेटे केतन को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके बाद से कई बार बेटे को फोन किया गया, लेकिन उससे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। हम जानना चाह रहे हैं कि बेटे को किस जुर्म में गिरफ्तार किया गया है और वह कहां पर है। हमारी एक बार बेटे से बात करा दो। सरकार से विनती है कि बेटे को सकुशल घर पहुंचा दें।

RO No. 13467/10