फरीदाबाद में उद्योगों को अब मिलेगा कुशल मैनपावर, FIA ने लॉन्च किया जॉब पोर्टल

फरीदाबाद। उद्योगों के सामने सबसे बड़ी चुनौती उनकी आवश्यकता के अनुरूप दक्ष मैनपावर की उपलब्धता न होना है। योग्य कर्मचारी न मिलने या अत्यधिक खर्च के कारण उद्योगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए फरीदाबाद इंडस्ट्रिज एसोसिएशन आफ फरीदाबाद की ओर से जाब पोर्टल की शुरुआत की गई है। उद्यमियों का मानना है कि यह एक प्रभावी मंच के रूप में काम करेगा। जहां उद्योगों की ओर से अपनी जरूरत और नौकरी के इच्छुक उम्मीदवार अपने रिज्यूम अपलोड कर सकेंगे। इससे बिना किसी खर्चे और झंझट के रोजगार उपलब्ध होगा और उद्योगों को योग्य मैनपावर प्राप्त होगी। इस पोर्टल की शुरुआत के लिए राजमार्ग किनारे स्थित एक होटल में फरीदाबाद इंडस्ट्रिज एसोसिएशन आफ फरीदाबाद की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रधान प्रमोद राणा ने की।

उन्होंने पोर्टल लांच करते हुए बताया कि इस दौरान एचएसआइआइडीसी, श्रम विभाग, बिजली निगम के अधिकारी मौजूद रहे। बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता जितेंद्र ढुल, उप श्रम आयुक्त राम भगत, बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता पंकज पंवार, संजय मंगला, एचएसआइआइडीसी के कार्यकारी अभियंता पुरुषोत्तम शर्मा, एसडीओ हरिकिशन ने भी इस पोर्टल की सराहना की। एसोसिएशन की ओर से कोर टीम के सदस्य नितिन बरेजा, उपप्रधान वीपी गोयल, अतिरिक्त महासचिव अजय ब्रोले, कोषाध्यक्ष देवेंद्र गोयल, संयुक्त सचिव तेज चौधरी, डीपी यादव, वीपी दलाल, विक्रम प्रताप, कमल, अजय सोमवंशी, आरएल बडोनी सहित आइएमटी की दो सौ से अधिक उद्योग के मालिक एवं प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

RO No. 13467/10