उद्योग एवंं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने रायपुर एयरपोर्ट पर किया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत

कोरबा । देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं। इस दौरान राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम सहित कई कार्यक्रमों में शिरकत कर रहे हैं। उनके रायपुर आगमन के दौरान छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने स्वामी विवेकानंद विमानतल पर प्रधानमंत्री का स्वागत-अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सभी विभाग के मंत्री और वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 25 साल पहले अटल सरकार ने आपके सपनों का छत्तीसगढ़ आपको सौंपा था, साथ ही ये संकल्प भी लिया था कि छत्तीसगढ़ विकास की नई बुलंदी छूएगा। छत्तीसगढ़ आज विकास के पथ पर तेज़ गति से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सडक़, उद्योग, स्वास्थ्य सेवा और ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी 14,260 करोड़ रुपये से अधिक की विकासात्मक और परिवर्तनकारी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा के लिए आज का दिन एक स्वर्णिम शुरूआत का दिन है और मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर ये बहुत ही सुखद दिन है, अहम दिन है। मेरा बीते कई दशकों से इस भूमि से बहुत आत्मीय नाता रहा है। एक कार्यकर्ता के रूप में मैंने छत्तीसगढ़ में बहुत समय व्यतीत किया, यहां से मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला। मेरे जीवन को गढऩे में यहां के लोगों का, यहां की भूमि का बहुत बड़ा आशीर्वाद रहा है। छत्तीसगढ़ की परिकल्पना, इसके निर्माण का संकल्प और उस संकल्प की सिद्धी, हर एक क्षण पर मैं छत्तीसगढ़ के परिवर्तन का साक्षी रहा हूं। और आज जब छ्त्तीसगढ़ 25 वर्षों की यात्रा के अहम पड़ाव पर पहुंचा है तो मुझे इस क्षण का भी सहभागी बनने का अवसर मिला। आज इस रजत जयंती के उत्सव पर मुझे राज्य के लोगों के लिए इस नई विधानसभा का लोकार्पण करने का सौभाग्य मिला है। मैं छत्तीसगढ़ के लोगों को, राज्य सरकार को इस अवसर पर अपनी शुभकामनाएं देता हूं, बधाई देता हूं। ‘

RO No. 13467/10