नाबालिग ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से मासूम की मौत

जांजगीर-चांपा। सक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र के भोथिया गांव में नाबालिग ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव की गली में अनियंत्रित ट्रैक्टर लोहे के खंभे से टकरा गई, जिससे खंभा एक मासूम बच्चे के ऊपर आ गिरा। हादसे में 9 वर्षीय मोनिक चंद्रा की मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया, जिससे ट्रैक्टर पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जैजैपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भोथिया में शनिवार 27 दिसंबर की शाम एक नाबालिग ट्रैक्टर चला रहा था। ट्रैक्टर की गति तेज होने के कारण वह अपना नियंत्रण खो बैठा। अचानक नियंत्रण बिगडऩे से ट्रैक्टर सडक़ किनारे लगे लोहे के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा उखडक़र पास में खड़े 9वर्षीय मोनिक चंद्रा के ऊपर जा गिरी। खंभे में दबने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया, जिससे ट्रैक्टर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इधर घटना की सूचना पर जैजैपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटना स्थल पर काफी तनाव का माहौल था। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को
नियंत्रित किया और अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के लिए आसपास के थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस की समझाईश के बाद किसी तरह माहौल शांत हुआ। फिलहाल जैजैपुर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। नाबालिग चालक के ट्रैक्टर चलाने के मामले में कानूनी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RO No. 13467/10