
कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की महत्वाकांक्षी जनसंपर्क अभियान ‘सरासरी मुख्यमंत्री’ (सीधे मुख्यमंत्री) अभियान का आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज हैक हो गया है। नागरिकों की शिकायतों को सीधे सुनने के लिए शुरू किए गए इस डिजिटल प्लेटफार्म पर हुए इस साइबर हमले ने राज्य प्रशासन के शीर्ष गलियारों में चिंता पैदा कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए नवान्न (राज्य सचिवालय) ने सख्त रुख अपनाया है और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इस डिजिटल पेज का प्रबंधन करने वाली एजेंसी ने बिधाननगर साइबर क्राइम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। हैकिंग की जानकारी मिलते ही तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय किए गए और अकाउंट का पासवर्ड बदला गया। भविष्य की जांच और साक्ष्य के तौर पर साइबर विशेषज्ञों ने अकाउंट के लॉग डिटेल्स, टाइम स्टैम्प और स्क्रीनशाट्स को सुरक्षित रख लिया है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह केवल एक तकनीकी चूक नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण पहल को बाधित करने का प्रयास है।
बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट ने डिजिटल फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मिलकर आइपी एड्रेस ट्रैकिंग और अकाउंट गतिविधि का विश्लेषण शुरू कर दिया है। नवान्न ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए डिजिटल सुरक्षा को और अधिक अभेद्य बनाया जाएगा।


































