इंस्टाग्राम ने जहर घोला दंपत्ति में नाराज पत्नी ने खाया कीटनाशक

दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे
कोरबा। सोशल मीडिया साईट इंस्टाग्राम के चक्कर में पारिवारिक कलह का एक और मामला सामने आया है। फसलों में कीट प्रकोप नियंत्रण के लिए उपयोगी कीटनाशक 404 की कुछ मात्रा का सेवन करने से 23 वर्षीय चमेली विश्वास की हालत खराब हो गई। गंभीर स्थिति में उसे कोरबा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। पुलिस ने पीडि़ता का बयान दर्ज किया है।
पड़ोसी जिले रायगढ़ के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली चमेली विश्वास को हालत खराब होने पर कोरबा में भर्ती कराया गया। उसके साथ पति सुमित विश्वास और परिजन भी यहां पहुंचे। पूरे मामले के पीछे प्रताडऩा और इंस्टाग्राम को लेकर वाद-विवाद होने की बात कही जा रही है। संबंधित पक्षों की ओर से इसी प्रकार के दावे किए गए। खबर के अनुसार पिछले कुछ महीनों से सुमित और चमेली के बीच पारिवारिक कारणों से खटपट चल रही थी। आए दिन इसे लेकर वाद-विवाद और प्रताडऩा देने की बात भी सामने आई, जिस पर दशहरा के बाद वह अपने मायके चली गई। अरसा गुजरने पर पंचायत हुई और तब कहीं जाकर पति की गारंटी पर उसे ससुराल भेजना तय किया गया। कुछ दिन तक ठीकठाक रहा और घर में नया विवाद इंस्टाग्राम ने करा दिया। चोरी छिपे दूसरे से चैट करने के चक्कर में विवाद होने पर पति ने पूछताछ की। कहा गया कि इससे कुपित होकर पत्नी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसकी जानकारी होने पर उसे कोरबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। सात वर्ष पूर्व विवाहित चमेली के दो बच्चे हैं। उनके संरक्षण को लेकर भी पूर्व में दंपत्ति ने मंथन किया, लेकिन इसके कोई नतीजे नहीं आए। मौजूदा स्थिति में महिला के शरीर से जहर का असर कम करने के लिए जीवन रक्षक दवाएं दी जा रही है। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर चौकी पुलिस ने उसका बयान लेने का प्रयास किया है। परिजनों से भी बातचीत की गई है।

पति बोल- पुराने विवाद भुलाने को कहा था
वहीं पीडि़ता के पति सुमित विश्वास ने बताया कि दशहरा के दौरान हुए विवाद पर दो-चार झापड़ मार दिया था। बाद में किसी तरह कुछ लोगों के हस्तक्षेप के बाद उसकी घर वापसी हुई। पुराने सभी विवाद खत्म करने की बात कही गई। इसके बाद मोबाइल और इंस्टाग्राम के उपयोग व अन्य व्यक्ति से बातचीत बंद करने पर विवाद हुआ था। पत्नी ने घर लौटने पर मोबाइल टूटने की बात कही थी। उसे दो-तीन दिन में नया मोबाइल दिलाने की बात कही गई। इस बीच उसने बताया कि मोबाइल टूटने की बात गलत थी। बाद में विवाद पर उसके द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन किया गया।
मां ने कहा- अब नहीं जाएगी ससुराल
पीडि़ता की मां तरूलता विश्वास ने कहा कि उसका दामाद काफी समय से बेटी को प्रताडि़त कर रहा है। बार-बार इस तरह की शिकायतें आती रही है। पूर्व में रिश्तों को सुधारने की कोशिश की गई। कुछ दिन हालात ठीक रहे लकिन अब फिर से वही कहानी सामने आई। हमें इस बात की गारंटी नहीं कि बेटी पति के साथ सुरक्षित रहेगी, इसलिए हम उसे वापस भेजने के पक्ष में नहीं है।

RO No. 13467/10