बेसिक शिक्षा विभाग में 30 करोड़ के घोटाले की जांच पूरी, 194 शिक्षकों से रिकवरी की तैयारी

शामली। बेसिक शिक्षा विभाग में लंबे समय से चल रहे बड़े भ्रष्टाचार की जांच पूरी हो गई है। जिले के 194 शिक्षकों को नोशनल पदोन्नति के नाम पर लाभ दिया गया। इनमें 23 शिक्षक ऐसे हैं, जिन्हें 33 दिन में दो बार पदोन्नति का लाभ दिया गया। एडी बेसिक के आदेश पर इसकी जांच वित्त एवं लेखाधिकारी (एओ) कर रहे थे। उन्होंने जांच पूरी करने के बाद बीएसए को 194 शिक्षकों से अतिरिक्त भुगतान की रिकवरी की संस्तुति की है। विभागीय सूत्रों के अनुसार कुल 30 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले की बात सामने आई है।

घोटाले का खेल 2005 से मार्च 2018 के बीच खेला गया, जिसमें शिक्षा सचिव की अनुमति लिए बिना ही नियमों की गलत व्याख्या कर जिले के 194 शिक्षकों को काल्पनिक पदोन्नति का लाभ दे दिया गया। विभागीय खेल की हद तो यह रही कि शिक्षकों का वेतन अप्रैल 2018 में बढ़ा, जबकि एरियर का भुगतान नियमों को ताक पर रखकर पहले ही कर दिया गया।

विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, 194 शिक्षकों को पिछले आठ वर्षों से हर साल लगभग पौने तीन करोड़ रुपये का अतिरिक्त वेतन दिया जा रहा है, और इसके साथ ही 11 करोड़ रुपये का एरियर (2005 से 2018 के बीच दिखाया गया है, जबकि मिला 2018 के बाद मिला है) भी नियम विरुद्ध तरीके से बांटा गया।

RO No. 13467/10