
विधायक ने सरकार को घेरा
कोरबा। पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम ने क्षेत्र के जलाशयों के रखरखाव और नहरों की मरम्मत में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विधानसभा के बजट सत्र 2026 में एक तारांकित प्रश्न के माध्यम से उन्होंने मुख्यमंत्री से पिछले 4 वर्षों के खर्च का पूरा हिसाब मांगा है।
विधायक मरकाम ने वर्ष 2022 से जनवरी 2026 तक नया सुधार और विशेष सुधार मद के तहत स्वीकृत राशि का ब्योरा मांगा है। विधायक ने जोर देकर कहा कि स्थानीय जलाशय और नहरें किसानों की आजीविका का मुख्य आधार हैं। समय पर मरम्मत न होने के कारण नहरें जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे खेतों तक पानी नहीं पहुँच पा रहा है। इसका सीधा असर कृषि उत्पादन और किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि जल उपभोक्ता संस्थाओं की जवाबदेही तय की जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई हो। इस मुद्दे पर सियासत भी गरमा गई है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) के जिला अध्यक्ष विद्यान मरकाम ने सरकार को दो टूक चेतावनी दी है।




















