
नई दिल्ली। ईरान ने अपनी सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख अली लारीजानी की मौत की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। मंगलवार को जारी एक बयान में परिषद ने उन्हें “शहीद” घोषित किया और कहा कि इजरायली हवाई हमले में उनकी मौत हुई।
लारीजानी के बेटे ने भी गंवाई जान
परिषद के बयान में कहा गया कि शहीदों की पवित्र आत्माओं ने ईश्वर के धर्मी सेवक, शहीद डॉ. अली लारीजानी की पवित्र आत्मा को गले लगा लिया।” बयान में आगे उल्लेख है कि लारीजानी के बेटे और उनके अंगरक्षकों ने भी इस हमले में अपनी जान गंवाई। ईरान ने उन्हें “इस्लामी क्रांति और देश की उन्नति के लिए जीवन भर संघर्ष करने वाला योद्धा” बताया। बयान में लिखा है, “जीवन भर संघर्ष के बाद उन्होंने अपनी लंबे समय से चली आ रही आकांक्षा पूरी की, ईश्वर की पुकार का जवाब दिया और सेवा की खाई में शहादत की मधुर कृपा प्राप्त की।” इससे पहले इजरायल ने दावा किया था कि उसकी वायुसेना ने तेहरान के पास एक लक्षित हवाई हमले में लारीजानी को मार गिराया। इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने कहा कि लारीजानी के साथ बसीज मिलिशिया के कमांडर भी मारे गए। यह हमला हाल के ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच हुआ, जिसमें अमेरिका भी शामिल है और क्षेत्र में तनाव चरम पर है।





























