
नईदिल्ली। आदित्य-एल1 मिशन को लेकर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने सोमवार को एक खुशखबरी दी है। आदित्य-एल 1 अंतरिक्ष यान ने सूर्य और पृथ्वी के बीच एल 1 लैग्रेंजियन बिंदु यानी हेलो ऑर्बिट का एक चक्कर पूरा कर लिया है। इसरो ने इस मिशन की उपलब्धि पर जानकारी देते हुए एक्स पर लिखा,”आज, आदित्य-एल1 ने एल1 बिंदु के चारों ओर अपनी पहली हेलो कक्षा पूरी की। इस साल छह जनवरी को यान लैग्रेंजियन बिंदु (एल1) पर पहुंचा था।इसके बाद हेलो कक्षा का एक चक्कर पूरा करने में यान को 178 दिन लगे।” यान पृथ्वी से लगभग 15 लाख किलोमीटर दूर पृथ्वी और सूर्य के बीच लैग्रेंजियन बिंदु 1 (एल1) के चारों ओर एक हेलो कक्षा में परिक्रमा कर रहा है। इस मिशन के जरिए वायुमंडल, सौर चुंबकीय तूफानों और पृथ्वी के आसपास के पर्यावरण पर उनके प्रभाव का अध्ययन किया जा रहा है।