
कोरबा। नगर निगम के पंपहाउस वार्ड से निर्वाचित पार्षद रामकुमार साहू ने कहा है कि इच्छाशक्ति और बेहतर करने का इरादा होने पर सभी तरह की बाधाओं को पार किया जा सकता है और कार्यों को आसान भी किया जा सकता है। लोगों का सहयोग भी इस मामले में आवश्यक है।
पहली बार इस वार्ड से पार्षद बनने के साथ अब तक अनेक कार्यों को कराने में सफल रहे रामकुमार साहू ने बताया कि स्थानीय आवश्यकता और लोगों की अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर ऐसे प्रस्तावों को उपर दिया गया। संबंधितों को इनके महत्व से अवगत कराया गया। कहा गया कि ऐसे काम क्यों जरूरी हैं और इनके होने से जनता को कितनी सहूलियत मिलेगी। महापौर और अधिकारियों ने बात को समझा और ऐसे कार्यों को स्वीकृत कराने के साथ क्रियान्वयन का रास्ता प्रशस्त किया। पंपहाउस वार्ड के अंतर्गत आने वाले बड़े हिस्से में काफी समय से बनी हुई समस्याओं का निराकरण कराने के साथ उन आवश्यकताओं के तरफ भी ध्यान दिया गया जो एक तरह से जनता के लिए टीस बनी हुई थी। रामकुमार ने बताया कि जनप्रतिनिधि का दायित्व मिलने से पहले भी उन्होंने अपने स्तर पर इलाके की समस्याओं का अध्ययन करने के साथ इनके समाधान को लेकर संबंधित स्तर पर एप्रोच की। वे अधिकारियों को यह बताने में सफल रहे कि नागरिक दायित्व की पूर्ति भी बेहतर तरीके से की जा सकती है और समस्याओं का समाधान कराया जा सकता है।





















