
श्रीनगर। ऑपरेशन सिंदूर में अपने नेटवर्क के तबाह होने और परिवार के विभिन्न सदस्यों की मौत से हताश आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का जम्मू- कश्मीर में पुलवामा कांड को दोहराने का षडयंत्र रच रहा है। वह वाहन बम के साथ आत्मघाती आतंकी या फिर आत्मघाती आतंकी दस्ते के जरिए किसी महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान या भीड़ वाले स्थान पर हमला कर सकता है।
एक अलर्ट जम्मू- कश्मीर सरकार को भेजा
खुफिया एजेंसियों ने जैश ए मोहम्मद के इस नए षड्यंत्र का एक अलर्ट जम्मू- कश्मीर सरकार को भेजा है। अलर्ट का संज्ञान लेते हुए प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और सभी संदिग्ध तत्वों की निगरानी की जा रही है। संबंधित सूत्रों ने बताया कि खुफिया एजेंसियों के अनुसार जैश ए मोहम्मद घाटी में विशेषकर दक्षिण कश्मीर में ठीक उसी तरह से किसी वाहन बम के साथ आत्मघाती आतंकी का इस्तेमाल कर सकता है, जैसा उसने 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर लेथपोरा में सीआरपीएफ के काफिले को निशाना बनाने के लिए किया था। खुफिया सूत्रों के मुताबिक, जैश ए मोहम्मद सिर्फ जम्मू-कश्मीर में ही नहीं दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और गुजरात में हमला करने की फिराक मे हैं। इसके लिए उसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ की पूरी सहमति है।

















