
जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय जांजगीर के हाईस्कूल मेदान में आयोजित जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला का शुभारंभबुधवार 11 फरवरी को होगा। आयोजन का समापन 13 फरवरी को होगा। इस तीन दिवसीय आयोजन में जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, वहीं कृषि उपकरणों की प्रदर्शनी खास होगी। इसके अलावा मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले और मौत कुंआ के साथ मीना बाजार भी सजने लगा है। जिले के शासकीय हाई स्कूल मैदान, जांजगीर एवं कृषि विज्ञान केंद्र जांजगीर में 11, 12 एवं 13 फरवरी को जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला का आयोजन किया जाएगा। पहले दिन बुधवार 11 फरवरी को हाई स्कूल मैदान, जांजगीर में दोपहर 3.30 बजे से 6 बजे तक जिले के स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। शाम 6 से 8 बजे तक स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति होगी तथा रात्रि 8 बजे से प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी लोक गायक दिलीप षडंगी अपनी प्रस्तुति देंगे। 12 फरवरी को दोपहर 3.30 बजे से स्कूली छात्र-छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम, शाम 6 से 8 बजे तक स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति तथा रात्रि 8 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शशिकांत यादव मध्य प्रदेश, डॉ.आदित्य जैन राजस्थान, गौरव चौहान उत्तरप्रदेश, अमित शुक्ला मध्य प्रदेश, प्रीति पाण्डेय उत्तर प्रदेश, अभिषेक पाण्डेय छत्तीसगढ़, मीर अली मीर, छत्तीसगढ़ एवं बंशीधर मिश्रा छत्तीसगढ़ द्वारा कविता पाठ किया जाएगा। 13 फरवरी को दोपहर 3.30 से 5 बजे तक स्कूली छात्र-छात्राओं के
सांस्कृतिक कार्यक्रम, शाम 5 से 6 बजे तक मलखम्भ एवं स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति तथा शाम 6 से 8 बजे तक छत्तीसगढ़ी पारंपरिक लोक गायिका आरू साहू की प्रस्तुति होगी। इसके पश्चात रात्रि 8 बजे से सारेगामा विजेता एवं बॉलीवुड सिंगर इशिता विश्वकर्मा अपनी प्रस्तुति देंगी।



















