मंदिर से माथा टेककर लौट रहे थे जदयू नेता, रास्ते में लोगों ने शुरू कर दी फायरिंग और पथराव

सहार (आरा)। भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के एकवारी में मंगलवार की शाम अज्ञात लोगों ने जदयू के प्रदेश सलाहकार समिति सदस्य संजय कुमार शर्मा के काफिले पर हमला किया। संजय शर्मा ने सहार थाना में आवेदन देकर बताया कि वे बुढिय़ा माई मंदिर में माथा टेकने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान उनके काफिले में शामिल दो गाडिय़ों पर लगभग 20-25 अज्ञात लोगों ने पथराव किया और दोनों गाडिय़ों के शीशे तोड़ दिए। आवेदन में जदयू नेता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके राजनीतिक विरोधियों ने जानलेवा नीयत से फायरिंग भी की। हालांकि, उनके सरकारी अंगरक्षक समय रहते उन्हें सुरक्षित निकालकर एकवारी से बाहर ले गए। सहार थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने बताया कि यह घटना एकवारी स्टैंड के पास हुई। उन्होंने कहा कि मंगलवार को एक सडक़ दुर्घटना में 20 वर्षीय महिला की मौत हो गई थी।
महिला के स्वजन अपनी गाड़ी से हड़बड़ी में जा रहे थे। काफिले और स्थानीय लोगों के बीच गाड़ी साइड लेने को लेकर विवाद हुआ, जिसके दौरान ईंट-पत्थर चले और दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। इंस्पेक्टर ने कहा कि मामले की जांच-पड़ताल जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर सच्चाई सामने लाने का प्रयास कर रही है।

RO No. 13467/11