
कोरबा। बांग्लादेश के ढाका में अंतरराष्ट्रीय महिला कबड्डी टूर्नामेंट में भारत की चमचमाती सफलता के बाद विभिन्न क्षेत्रों में कबड्डी के आयोजनों को रफ्तार मिल रही है। एक तरफ शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कबड्डी का क्रेज बढ़ रहा है। जिले के बतारी गांव में ओपन चैलेंज कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन आज से शुरू हो गया। चार राज्यों की टीमें इसमें शामिल हो रही है। बताया गया कि छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्यों की कबड्डी टीमों ने अपने कौशल को निखारने और प्रदर्शन करने के लिए कोरबा जिले को चुना। उन्होंने अच्छी संख्या में एंट्री ली है। आयोजन समिति ने बताया कि 6 फरवरी तक चलने वाले आयोजन में नॉकआउट पद्धति से मैच होंगे। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर के रेफरी की सहायता ली जा रही है ताकि सभी मैचों को विवाद रहित कराया जा सके। प्रथम पुरस्कार में 51 हजार और ट्रॉफी को शामिल किया गया है। 31 हजार के दो पुरस्कार छत्तीसगढ़ पुलिस के अमरजीत सिंह उइके, तीजराम उइके और सहसराम कर्ष की ओर से दिए जाएंगे, जबकि तृतीय पुरस्कार में 21 हजार व ट्रॉफी होगी। कोयलांचल दीपका के नजदीक बतारी ग्राम पंचायत की मौजूदगी में कई कार्यक्रम पहले भी हो चुके हैं। कोलफील्ड्स होने के कारण आयोजकों को कई मामलों में अनुकूलता है।























