
नई दिल्ली। दिल्ली की निचली अदालत से कट्टर ईमानदार साबित होने के बाद मंगलवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गोवा में भाजपा और पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर बरसे। फर्जी शराब घोटाले में आरोप मुक्त होने पर पणजी में आयोजित बधाई समारोह में उन्होंने कहा कि सच्चाई और ईमानदारी के रास्ते चलकर आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी अग्नि परीक्षा को पास कर ली है। अब हम झाड़ू से गोवा समेत पूरे देश को साफ करेंगे।
भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारी टॉप लीडरशीप की छवि खराब करने के लिए हमें भ्रष्ट साबित करने की कोशिश की गई। लेकिन कोर्ट ने कह दिया है कि केजरीवाल और आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार हैं। इसमें इतना भी सबूत और गवाह नहीं है कि मुकदमा चलाया जा सके।
अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर तीखे हमले बोलते हुए कहा कि इन्हें सत्ता की हवस है। इसी के चलते इन्होंने हमें गिरफ्तार किया, दिल्ली का काम ठप करके जनता को परेशान किया और दिल्ली का चुनाव चोरी कर लिया। उन्होंने पीएम मोदी से कहा कि आपने मुझे निपटाने के लिए सबकुछ कर लिया, लेकिन आज भी केजरीवाल दहाड़ रहा है। अब केजरीवाल न झुकेगा और न रूकेगा। अगर आपको मुझे निपटान है तो मुझसे ज्यादा काम करके एक लंबी लकीर खींचो या फिर आपको मेरी हत्या करानी पड़ेगी।
माता सीता की तरह ‘‘आप’’ भी अग्नि परीक्षा पास की- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी का नेतृत्व अग्नि परीक्षा से निकल कर आया है। इतिहास गवाह है कि जब-जब कोई सच्चाई के रास्ते पर चलता है, तो उसे अग्नि परीक्षा देनी ही पड़ती है। सच्चाई के रास्ते पर चलना आसान नहीं है; कदम-कदम पर कांटे और पत्थर होते हैं तथा लोगों पर तरह-तरह के इल्जाम लगाए जाते हैं।






























