
जांजगीर चांपा। शासकीय टीसीएल कॉलेज में वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसपी विजय कुमार पाण्डेय थे। विशिष्ट अतिथि एमएमआर पीजी कॉलेज चांपा के प्राचार्य डॉ एचपी खैरवार थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ डीआर लहरे ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। इसके पश्चात महाविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन का वाचन करते हुए वर्ष भर की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सफलताओं और महाविद्यालय की प्रगति पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है और शिक्षा के साथ-साथ चरित्र निर्माण भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हम इस कालेज से जब भी जाएंगे तो बहुत कुछ सीखकर जाएंगे और उसी को हमें समाज को लौटाना है।
विशिष्ट अतिथि डॉ एचपी खैरवार ने विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं के लिए निरंतर प्रयासरत रहने तथा आत्मविश्वास बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना की।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ डीआर लहरे ने महाविद्यालय परिवार की सामूहिक मेहनत को सफलता का आधार बताया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि अध्यापन के साथ सांस्कृतिक गतिविधि भी जरूरी है इससे विद्यार्थियों की प्रतिभा निखरती है।कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2024- 25 में कालेज में सर्वोच्च अंक पाने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ कोमल शुक्ला डा इंदु साधवानी और डॉ क्षितिज चौहान ने किया। आभार प्रदर्शन प्रो राजेश दुबे ने किया। इस अवसर पर प्रो आरएस भगत, डा मंजूलता कश्यप, डा पीके सिंह, डा एसके मधुकर, डा एमआर बंजारे, डा अभय सिन्हा, ओपी सिंह प्रो पूर्णिमा सूर्यवंशी, धनेश्वरी पटेल,पूनम थवाईत, डा पुष्पा सिंह , रजिस्ट्रार बीएल मरकाम, मुख्य लिपिक मनोज राठौर, विधायक प्रतिनिधि आकाश तिवारी,आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य जीपी चौरसिया, वरिष्ठ पत्रकार सीताराम नायक, सुजल राठौर,श्रद्धा सोनी गौतम कटारे, हर्ष शुक्ला, सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक, छात्र छात्रा व कालेज स्टाफ उपस्थित था।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति
वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया विद्यार्थी और कालेज स्टाफ तथा बाहर से आए अतिथियों ने कार्यक्रम का आनंद लिया। विद्यार्थियों ने लोकनृत्य, नाटक, गायन आदि की प्रस्तुति दी जिन्हें लोगों ने खूब सराहा।अंत में बेहतर प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर उनका सम्मान किया गया।
























